सोने-चांदी के भाव में आज 8 मई को लगातार तीसरे दिन महंगा हो गया है. गोल्ड का रेट एमसीएक्स पर 539 रुपये चढ़कर 152800 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है. चांदी की कीमत आज एमसीएक्स पर 2053 रुपये उछलकर 260593 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है. इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने और चांदी के भाव में बढ़त आई है. गोल्ड 0.40 फीसदी की तेजी के साथ 4,729 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. चांदी 0.24 फीसदी बढ़त के साथ 80.395 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है.
सोने में निवेश करने वाले लोग फिलहाल ईरान संकट और कच्चे तेल की कीमतों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि इन दोनों का असर महंगाई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसलों पर पड़ सकता है. अगर तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो महंगाई बढ़ने का खतरा रहेगा, जिससे फेड ब्याज दरों में कटौती टाल सकता है और इसका असर सोने की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है. अलग-अलग शहरों में आज सोने का क्या भाव है और एनालिस्ट की इसपर क्या राय है, ये भी आपको बताते हैं.
देशभर में सोने-चांदी की कीमत
सराफा बाजार की बात करें तो, दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,53,160 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोना 1,40,410 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है. वहीं, मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,010 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,40,260 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
चांदी की कीमत में जोरदार तेजी देखने को मिली है. इसका भाव 7,000 रुपये बढ़कर 2,61,500 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है. इससे पहले इसी साल जनवरी में देश में चांदी की कीमत पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर को पार कर गई थी.
सोने पर एनालिस्ट का रुख
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, वीकली चार्ट पर MCX गोल्ड में फिलहाल मजबूती का रुख बना हुआ है. हाल की गिरावट के बाद सोना निचले स्तरों से संभलकर फिर ऊपर की ओर बढ़ रहा है और अपने पिछले हाई स्तर के करीब पहुंच रहा है. टेक्निकल संकेत बताते हैं कि बाजार में तेजी अभी कायम है, इसलिए छोटी गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देखा जा सकता है. हालांकि, अगर कीमतें अहम सपोर्ट लेवल के नीचे बंद होती हैं, तो थोड़ी बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है.
अगले हफ्ते के लिए 1,47,500 का स्तर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह मजबूत सपोर्ट जोन है. माना जा रहा है कि इस स्तर के आसपास खरीदार फिर एक्टिव हो सकते हैं. वहीं, ऊपर की ओर सोने के लिए अगला टारगेट 1,61,000 और 1,65,000 का हो सकता है. मौजूदा संकेतों के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने में और तेजी देखने को मिल सकती है.



