एलपीजी सिलेंडर पर सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद बुकिंग और डिलवरी की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. यूपी, बिहार, एमपी सहित देश के तमाम राज्यों में सिलेंडर बुकिंग से लेकर उनकी डिलीवरी तक में देरी की शिकायतें आ रही हैं. सोशल मीडिया पर भी तमाम शहरों से लोग सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर अपनी पीड़ा बता रहे हैं.
सरकार ने सप्लाई को बेहतर बनाने और जमाखोरी रोकने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सिलेंडर बुकिंग की अवधि तय कर दी थी. शहरी क्षेत्र के लिए 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 45 दिन निर्धारित की गई है. इसका मतलब है कि अगर आपने 20 अप्रैल को सिलेंडर बुक किया तो शहरी क्षेत्र में अगली बुकिंग 15 मई को होगी और ग्रामीण क्षेत्र में 5 जून को. लेकिन, कंपनियां अगली बुकिंग पिछली बुकिंग की तारीख से नहीं, बल्कि सिलेंडर की सप्लाई होने की तारीख से कर रही हैं
कई शहरों में सिलेंडर की सप्लाई बुकिंग की तारीख से 7 से 10 दिन में होती है. जाहिर है कि जब सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग की तारीख के 10 दिन बाद हो रही है तो अगली बुकिंग में भी 10 दिन का लेट होगा. इसका मतलब है कि ग्रामीण क्षेत्र में अगली सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के बजाय 35 दिन पर हो रही और शहरी क्षेत्र में 45 दिन के बजाय 55 दिन हो गई है. सरकार का सख्त निर्देश है कि बुकिंग 25 और 45 दिन पर होनी चाहिए, लेकिन कंपनियों की लेटलतीफी की वजह से अनावश्यक रूप से 10 दिन की देरी हो रही है.



