Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार: दुरती शिविर में 274 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 94 मामलों...

सुशासन तिहार: दुरती शिविर में 274 आवेदनों पर हुई सुनवाई, 94 मामलों का मौके पर निराकरण

0

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संकल्प को साकार करते हुए सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत सूरजपुर जिला के विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम पंचायत दुरती में समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दुरती सेक्टर की 19 पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। शिविर के दौरान 14 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, 9 वृद्धजनों को पेंशन स्वीकृति पत्र तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को पांच-पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा प्रदान करने वाले आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विकासखंड प्रतापपुर के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शिविर में कुल 274 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 94 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर आवेदकों को लाभान्वित किया गया। शेष 180 आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, एसडीएम प्रतापपुर श्रीमती ललिता भगत, जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनिल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here