सोने और चांदी की कीमतों में पिछले कई दिनों से उछाल देखने को मिला है. आज 21 अप्रैल को सोने का भाव गिरावट के साथ एमसीएक्स पर खुला है. सोने का रेट 16 रुपये गिरकर 153927 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही है. चांदी भी 1699 रुपये फिसलकर 250846 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है.
इंटरनेशनल मार्केट में सोने का रेट में गिरावट आई है. गोल्ड 0.32 % फिसलकर 4812 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है. इसके अलावा सिल्वर 1.35 फीसदी की गिरावट के साथ 78.96 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है.
अलग-अलग शहरों में सोने का दाम
दिल्ली में आज 24 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने का रेट 1,55,430 रुपये पर आ गया है. इसके अलावा मुंबई में 1,55,280 रुपये पर है. कोलकाता में 1,55,280 रुपये पर है और बेंगलुरू, हैदराबाद में भी यही दाम है. पटना में 24 कैरेट सोने का रेट 1,55,430 रुपये पर है.
चांदी के दाम दो दिन स्थिर रहने के बाद आज थोड़ा कमजोर हुए हैं. इससे पहले 17 अप्रैल को चांदी ₹5,000 सस्ती हुई थी, फिर 18 अप्रैल को ₹10,000 महंगी हो गई. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, 19 अप्रैल यानी Akshaya Tritiya और उसके अगले दिन कीमतें स्थिर रहीं थी.
आज दिल्ली में चांदी ₹100 सस्ती होकर ₹2,74,900 प्रति किलो पर बिक रही है. मुंबई और कोलकाता में भी यही भाव है, जबकि चेन्नई में चांदी सबसे महंगी है, जहां इसकी कीमत ₹2,79,900 प्रति किलो है.
क्यों सोने और चांदी में आई गिरावट?
गोल्ड को महंगाई से बचाव का सुरक्षित ऑप्शन माना जाता है, लेकिन जब ब्याज दरें ज्यादा होती हैं तो इसकी मांग कम हो जाती है, क्योंकि इससे कोई नियमित रिटर्न नहीं मिलता. मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से महंगाई बढ़ने का दबाव बना हुआ है, ऐसे में ग्लोबल ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं, जिससे सोने की मांग पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा डॉलर की मजबूती ने मंगलवार को सोने की चमक घटा दी है.
देशभर में सोने और चांदी की कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में फिजिकल डिमांड कमजोर बनी हुई है, क्योंकि ऊंचे दाम पर लोग कम खरीदारी कर रहे हैं. इसके उलट, निवेश के तौर पर मांग मजबूत है, खासकर Exchange-Traded Fund के जरिए. इससे साफ है कि निवेशक अब पारंपरिक खरीदारी की बजाय फाइनेंशियल ऑप्शन की ओर ज्यादा बढ़ रहे हैं.



