Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: जन्म प्रमाण पत्र संबंधी समस्या का हुआ समाधान

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076: जन्म प्रमाण पत्र संबंधी समस्या का हुआ समाधान

0

शासन की जनहितकारी पहल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत करने पर एक सप्ताह में ही जन्म प्रमाण पत्र बनाकर प्रदान किया गया। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम नारायणपुर निवासी रामप्रसाद साहू ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या का प्रशासन ने मात्र एक सप्ताह में समाधान कर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की। रामप्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उनकी जन्म तिथि 10 जुलाई 1997 होने के बावजूद उनका जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा था। आवश्यक दस्तावेज होने के बाद भी प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं होने से उन्हें विभिन्न कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग एवं प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लिया गया। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मात्र एक सप्ताह के भीतर रामप्रसाद साहू का जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें उपलब्ध करा दिया।

जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद रामप्रसाद साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें विभिन्न शासकीय एवं व्यक्तिगत कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय पर समस्या का समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आमजनों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान हेतु हेल्पलाइन 1076 की शुरूआत की गई है। यह हेल्पलाइन नागरिकों और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रही है। इस माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे सुशासन और जनसंतुष्टि को नई मजबूती मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here