देश के लगभग 7.8 करोड़ कर्मचारियों को इसी महीने से एक बड़ी राहत मिलने वाली है. उन्हें अब अपने पीएफ का पैसा लेने के लिए सरकारी दफ्तरों की खाक नहीं छाननी होगी. मई 2026 के अंत तक ईपीएफओ एटीएम (ATM) और यूपीआई (UPI) के जरिए सीधे फंड निकालने की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है. पीएफ फंड को मैनेज करने वाला कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए ‘ईपीएफओ 3.0’ (EPFO 3.0) पहल की शुरुआत कर रहा है. 2026 के मध्य तक यह काम पूरा होने की उम्मीद है, जिससे पीएफ से जुड़ी लगभग सभी प्रक्रियाएं 100% ऑनलाइन हो जाएंगी. ईपीएफओ का यह कदम कर्मचारियों को उनके अपने पैसे पर अधिक नियंत्रण और भरोसा प्रदान करेगा.
ईपीएफओ अपने सदस्यों को विशेष एटीएम कार्ड जारी करने की योजना बना रहा है, जो सीधे उनके पीएफ खातों से लिंक होंगे. इसका मतलब है कि आपात स्थिति में आप किसी भी नजदीकी एटीएम मशीन पर जाकर अपनी जमा राशि निकाल सकेंगे. इतना ही नहीं इसे यूपीआई (UPI) से भी जोड़ा जाएगा, जिससे आप सीधे अपने मोबाइल से भुगतान कर सकेंगे या बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे.
यूपीआई और एटीएम के जरिए पीएफ फंड की निकासी के लिए कुछ शर्तों को पूरा करना होगा-
KYC अपडेट: आपका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) पूरी तरह सक्रिय होना चाहिए.
दस्तावेज लिंक: आपका आधार, पैन (PAN) और बैंक खाता नंबर आपके पीएफ पोर्टफोलियो से सही-सही लिंक होना चाहिए.
बैंक पासबुक: एटीएम सुविधा के लिए आपकी बैंक पासबुक का अपडेटेड होना और ईपीएफओ रिकॉर्ड से मेल खाना अनिवार्य है.
क्या सही है पीएफ खाते से निकासी?
ईपीएफओ ने निकासी प्रक्रिया को भले ही सरल और तेज बना दिया है, लेकिन विशेषज्ञों ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी दी है. एम्प्लॉयी पेंशन योजना (EPS) और भविष्य निधि आपके रिटायरमेंट का सबसे बड़ा आधार होती है. पीएफ के पैसे पर मिलने वाला चक्रवृद्धि ब्याज लंबे समय में एक बहुत बड़ा फंड तैयार करता है.



