भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार 9 मई 2026 को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है. इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे. इससे पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य में सरकार गठन की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए वरिष्ठ नेता Suvendu Adhikari को विधानसभा दल का नेता चुना था. अमित शाह ने भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की थी. अमित शाह ने कहा था कि सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है. इसके तुरंत बाद अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था. विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और पार्टी नेतृत्व के विश्वास से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है.
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul) ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा बताया. उन्होंने कहा कि अधिकारी ने पिछले पांच वर्षों में विधानसभा के भीतर और बाहर लगातार संघर्ष किया है. उन्होंने कहा कि 207 भाजपा विधायकों को अब चौबीसों घंटे काम करके बंगाल के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा. वहीं भाजपा नेता खगेन मुर्मू ने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान की जीत बताया. उन्होंने दावा किया कि चुनावी हिंसा में मारे गए 321 लोगों के बलिदान की बदौलत भाजपा सत्ता तक पहुंची है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने घुसपैठ, अत्याचार और महिलाओं पर हिंसा के खिलाफ वोट दिया है. भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि सही विचारधारा की जीत हुई है. वहीं, दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करना नई सरकार की पहली प्राथमिकता होगी. भाजपा विधायक दल के अन्य नेताओं ने भी इसे पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन बताया.
विकसित भारत का संकल्प
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सुवेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि अब पश्चिम बंगाल विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी. हालांकि, सरकार गठन के बीच राज्य में राजनीतिक तनाव भी बना हुआ है. सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक और पूर्व वायुसेना कर्मी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यग्राम के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई. अधिकारी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है. पश्चिम बंगाल पुलिस और सीआईडी मामले की जांच में जुटी हुई है. सुवेंदु अधिकारी शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. दिलचस्प बात यह है कि शपथ ग्रहण समारोह गुरुदेव Rabindranath Tagore की जयंती के दिन आयोजित होगा.
ऐतिहासिक जीत
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया, जबकि पिछले 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई. सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ा था और भवानीपुर में तत्कालीन मुख्यमंत्री Mamata Banerjee को 15 हजार से अधिक मतों से हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया.



