दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट से दुबई के लिए टेकऑफ हुआ एमिरेट्स एयरलाइंस का प्लेन बर्ड हिट का शिकार हो गया है. यह प्लेन आईजीआई एयरपोर्ट से दोपहर करीब 4:25 बजे टेकऑफ हुआ था. टेकऑफ होने के कुछ ही मिनटों बात एक पक्षी प्लेन के नोज से टकराया गया. वहीं, बर्ड हिट का आभास होते ही पायलट ने इसकी जानकारी दिल्ली एयरपोर्ट के एटीसी को देते हुए वापस आने की इजाजत मांगी. कुछ मिनटों के इंतजार के बाद इस प्लेन को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया है.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, एमिरेट्स एयरलाइंस ने इस फ्लाइट के लिए बोइंग का 777-300(ER) एयरक्राफ्ट तैनात किया था. इस प्लेन को आईजीआई एयरपोर्ट से 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4:25 बजे दुबई के लिए टेकऑफ होकर शाम करीब 6:25 बजे दुबई पहुंचना था. यह फ्लाइट अपने शेड्यूल के अनुसार टेकऑफ तो हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों के बाद बर्ड हिट का शिकार हो गई. यह बर्ड हिट प्लेन के अगले यानी नोज के हिस्से में हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने प्लेन को तुरंत दिल्ली एयरपोर्ट वापस लाने का फैसला किया.
पायलट ने तत्काल इसकी जानकारी दिल्ली एयरपोर्ट के एटीसी को दी और इमरजेंसी लैंडिंग की मांग की. रनवे पर जरूरी इंतजाम पूरे करने के बाद प्लेन को सुरक्षित लैंड करा लिया गया. इसके बाद, एक तरफ एयरलाइंस की इंजीनियरिंग टीम ने प्लेन का डिटेल इंस्पेक्शन शुरू किया, वहीं दूसरी तरफ पैसेंजर्स को दोबारा डिबोर्ड करके टर्मिनल में लाया गया. प्रारंभिक जांच में प्लेन का नोज क्षतिग्रस्त पाया गया है. अब इस प्लेन को डिटेल इंस्पेक्शन के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. वहीं प्लेन में मौजूद सभी पैसेंजर और क्रू मेंबर को सुरक्षित बनाता गया है.
वहीं एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, इस प्लेन से दुबई जाने वाले पैसेंजर्स को शाम करीब 6:25 बजे की फ्लाइट से दुबई भेजने का इंतजाम किया गया है. यह फ्लाइट रात करीब 8:28 बजे दुबई पहुंचेगी.



