अन्नामलाई दिल्ली चले थे, ये बताने कि वे अब पार्टी का हिस्सा नहीं रहेंगे. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन को पांच पन्नों का इस्तीफा भी सौंप दिया था. लेकिन जैसे ही वे गृहमंत्री अमित शाह से मिले, सबकुछ बदलता नजर आया. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी आलाकमान ने अन्नामलाई को कोई बड़ा फैसला लेने से रोक दिया है. इतना ही नहीं, पार्टी ने तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को तुरंत दिल्ली बुलाया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नागेंद्रन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने वाले हैं. इससे साफ संकेत मिल रहे कि तमिलनाडु में बीजेपी अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव कर सकती है.
प्रदेश अध्यक्ष को अचानक दिल्ली बुलाए जाने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व राज्य इकाई की मौजूदा स्थिति की पूरी रिपोर्ट लेना चाहता है. इस बैठक का समय इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं.



