एयर इंडिया ने ईरान और अमेरिका की जंग से उपजे संकट से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है. घरेलू एयरलाइंस ने कहा है कि वह डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों ही जगहों की छोटी उड़ानों के टिकट प्राइस में कटौती करने की योजना बना रही है. एयरलाइंस ने कहा है कि अब वह विमान के अंदर मिलने वाली खाने की सर्विस को वैकल्पिक बनाएगी और इसके एवज में टिकट की कीमतों में कटौती कर देगी. कंपनी का मानना है कि इससे हवाई टिकट सस्ते होंगे और यात्रियों को लुभाने में मदद मिलेगी.
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, इंडिया को जब से टाटा ने सरकार से खरीदा है, उसका घाटा बढ़ता ही जा रहा है. कंपनी ने राजस्व संकट से निपटने के लिए ही इन उपायों को आजमाने की बात कही है. कंपनी का कहना है कि यात्रियों को 2 घंटे से कम की उड़ानों में अब खाने की सुविधा वैकल्पिक रूप में दी जाएगी. अगर यात्री इसे नहीं लेते हैं तो उनकी टिकट की कीमतों में 250 रुपये की कटौती कर दी जाएगी. ईरान संकट को देखते हुए राजस्व पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है.



