स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर फिर 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इस बात की जानकारी ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) की ओर से दी गई है. UKMTO के मुताबिक टैंकर जब होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकल रहा था, तभी उस पर तीन अज्ञात प्रोजेक्टाइल आकर लगे. यह घटना ओमान के खसाब शहर से करीब 17 समुद्री मील यानी लगभग 31 किलोमीटर पूर्व में हुई. हालांकि अब तक इस हमले में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है. साथ ही समुद्र में तेल फैलने या पर्यावरण को किसी तरह के नुकसान की भी जानकारी सामने नहीं आई है.
UKMTO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि टैंकर ने तीन अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की सूचना दी थी. एजेंसी घटना की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. टैंकर पर यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. रविवार को अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर मौजूद मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाया था. इसके बाद ईरान ने भी जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए और फिर यूएई में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी टार्गेट किया.
ईरान पर परमाणु हथियार नहीं इस्तेमाल करेंगे ट्रंप
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना से साफ इनकार कर दिया है. ओवल ऑफिस में एक रिपोर्टर के यह पूछे जाने पर कि क्या वह ईरान के खिलाफ परमाणु विकल्पों को खारिज कर सकते हैं, ट्रंप ने इस संभावना को अनावश्यक बताया और रिपोर्टर के इस सवाल को मूर्खतापूर्ण करार दिया.



