Home देश नैनीताल की हवा में घुली ताजगी, AQI 85 पर, दिल्ली-NCR में 300...

नैनीताल की हवा में घुली ताजगी, AQI 85 पर, दिल्ली-NCR में 300 के पार प्रदूषण

0

दीपावली के बाद देश के मैदानी शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई शहरों में खराब होती हवा के बीच उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल की आबोहवा लोगों के लिए राहत की खबर लेकर आई है. जहां मैदानी क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं नैनीताल में हवा की गुणवत्ता फिलहाल काफी बेहतर बनी हुई है. यहां पीएम 2.5 का स्तर महज 18 से 24 के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि सोमवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 85 रहा. ऐसे में प्रदूषण, शोरगुल और शहरों की भागदौड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताने के लिए नैनीताल का रुख करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
दरअसल, दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर सहित कई मैदानी शहरों में आतिशबाजी और अन्य कारणों से वायु प्रदूषण बढ़ गया है. कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार पहुंचने से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके उलट नैनीताल में दीपावली के बाद भी हवा की गुणवत्ता में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है. शहर का आसमान साफ है और पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के बीच मौसम भी खुशनुमा बना हुआ है.
हवा की गति ने बढ़ने नहीं दिया प्रदूषण का स्तर

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (ARIES) के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि नैनीताल में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 85 दर्ज किया गया, जो भारतीय मानकों के अनुसार संतोषजनक श्रेणी में आता है. वहीं दिल्ली सहित कई मैदानी क्षेत्रों में AQI 300 से अधिक दर्ज किया गया, जो बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि इस बार दीपावली के दौरान नगर में जमकर आतिशबाजी हुई, लेकिन हवा की गति कुछ तेज रहने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में अधिक समय तक टिक नहीं पाए और हवा के साथ फैल गए. यही वजह है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार दीपावली के बाद भी नैनीताल की वायु गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है. आमतौर पर दीपावली के बाद शहर में प्रदूषण का स्तर सामान्य से कई गुना अधिक पहुंच जाता था, लेकिन इस बार आसमान साफ नजर आ रहा है.

पिछले वर्षों में 150 से 200 तक पहुंच जाता था AQI
नैनीताल निवासी मौसम के जानकार रमेश चंद्रा ने बताया कि पिछले वर्षों में दीपावली के दौरान आतिशबाजी के बाद शहर का AQI करीब 150 से 200 तक पहुंच जाता था. इस बार स्थिति काफी अलग है और पीएम 2.5 का स्तर भी 20 के आसपास बना हुआ है. उन्होंने बताया कि लगातार हवा चलने से प्रदूषण के कण एक जगह जमा नहीं हो पाए. मैदानी क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है, जबकि पहाड़ों में हवा अपेक्षाकृत साफ बनी हुई है. फिलहाल नैनीताल का आसमान नीला और मौसम बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है.

कम भीड़ के बीच पर्यटकों के लिए घूमने का अच्छा मौका
नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि दीपावली से पहले पराली जलाने के कारण दिल्ली समेत कई मैदानी क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा था. वहीं दीपावली के बाद आतिशबाजी से स्थिति और बिगड़ी है. इसके मुकाबले पहाड़ी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सामान्य बनी हुई है. उन्होंने बताया कि साफ आबोहवा के चलते पर्यटकों का रुझान भी पहाड़ों की ओर बढ़ने लगा है. इन दिनों नैनीताल में पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है. ऐसे में पर्यटकों को न तो सड़कों पर लंबा जाम मिल रहा है और न ही बाजारों में अधिक भीड़ का सामना करना पड़ रहा है.

शांत वातावरण पर्यटकों को कर रहे है आकर्षित
पर्यटक नैनीझील में नौकायन, माल रोड पर सैर, तल्लीताल और मल्लीताल के खूबसूरत नजारों के साथ आसपास के पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकते हैं. एक ओर जहां मैदानी शहर प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं नैनीताल की साफ आबोहवा, नीला आसमान, ठंडी हवाएं और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं, अगर आप भी रोजमर्रा की भागदौड़ और प्रदूषण से दूर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो सरोवर नगरी की यह खुशनुमा आबोहवा आपके सफर को यादगार बना सकती है.
टॉप वीडियो