जब दुनिया में सबसे सस्ते पेट्रोल की बात होती है तो सबसे पहले ईरान और वेनेजुएला का नाम सामने आता है. इसकी वजह भी साफ है, क्योंकि वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है, जबकि ईरान तीसरे स्थान पर आता है. इसलिए यह मान लेना आसान है कि इन देशों में पेट्रोल सबसे सस्ता होगा. लेकिन मौजूदा आंकड़े बताते हैं कि सबसे सस्ते पेट्रोल का रिकॉर्ड किसी और देश के नाम है.
सिर्फ 2.17 रुपये प्रति लीटर में मिलता है पेट्रोल
दुनिया में सबसे सस्ता पेट्रोल फिलहाल लीबिया में मिलता है. यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत सिर्फ 0.023 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 2.17 रुपये है. दिलचस्प बात यह है कि लीबिया के पास दुनिया का दसवां सबसे बड़ा तेल भंडार है, फिर भी पेट्रोल की कीमत सबसे कम है. करीब 75 लाख आबादी वाले इस देश में बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन बिताते हैं और सरकार लंबे समय से ईंधन पर भारी सब्सिडी देती रही है.
तेल का भंडार ही तय नहीं करता पेट्रोल की कीमत
किसी देश में पेट्रोल कितना महंगा या सस्ता होगा, यह केवल तेल के भंडार पर निर्भर नहीं करता. सरकार की टैक्स नीति, ईंधन पर मिलने वाली सब्सिडी, रिफाइनरी तक पहुंच, परिवहन लागत और स्थानीय मुद्रा की स्थिति भी कीमतों को प्रभावित करती है. यही वजह है कि सबसे बड़ा तेल भंडार रखने वाला वेनेजुएला इस समय तीसरे स्थान पर है, जबकि ईरान दूसरे स्थान पर और लीबिया पहले स्थान पर पहुंच गया है.



