मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रेल सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट भिलाई द्वारा महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 27 मार्च 2026 को मनीष कुमार निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भिलाई के नेतृत्व में प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर उप निरीक्षक एस.आर. रात्रे एवं टीम द्वारा रेलवे स्टेशन भिलाई के स्टोर पारा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे कार्यवाही की गई। मौके पर संदिग्ध अवस्था में बैठे एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हाडा वनराज साबजी भाई (उम्र 21 वर्ष), निवासी राजकोट (गुजरात) बताया। नियमानुसार गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से कुल 07 पैकेट गांजा (कुल वजन 13.504 किलोग्राम) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,75,200/- आंकी गई।
तलाशी एवं जप्ती की कार्यवाही विधिवत पूर्ण कर सामग्री को रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सील किया गया। आरोपी को NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात आरोपी एवं जप्त मादक पदार्थ को अग्रिम कार्यवाही हेतु शासकीय रेलवे पुलिस थाना भिलाई को सुपुर्द किया गया, जहां अपराध क्रमांक 13/2026 दिनांक 28.03.2026 पंजीबद्ध किया गया।
आरोपी को माननीय न्यायालय दुर्ग में प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
महत्वपूर्ण भूमिका- उपरोक्त कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भिलाई के निरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक एस आर रात्रे , सहायक उपनिरीक्षक सी एल साहू, प्रधान आरक्षक ए के इक्का, आरक्षक रूपेश कुमार, आरक्षक हंसराम सैनी, आरक्षक अजय राठौर, आरक्षक सुखराम मीणा, आरक्षक जयकुमार की रही
रेल सुरक्षा बल द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश हेतु अभियान जारी रहेगा।



