भिलाई- दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा “फायर सेफ्टी ड्राइव” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भिलाई की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। निरीक्षक श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में संचालित चेकिंग अभियान के दौरान एक व्यक्ति को रेलवे स्टेशन परिसर भिलाई पावर हाउस में अवैध रूप से ज्वलनशील पटाखों का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।
घटना के अनुसार, दिनांक 21.10.2025 को समय लगभग 16:40 बजे प्लेटफॉर्म क्रमांक 01 के मुख्य द्वार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को एक प्लास्टिक की बोरी लिए हुए देखा गया। तलाशी लेने पर बोरी में लगभग 15 प्रकार के विस्फोटक पटाखे पाए गए।
पूछताछ में उसने अपना नाम राजकुमार कोहरे, पिता शेषराम कोहरे, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 15, ग्राम साडर, थाना लांजी, जिला बालाघाट (म.प्र.) बताया। उसने पटाखों के परिवहन हेतु कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया तथा अपनी गलती स्वीकार की।
प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 153 एवं 164 के तहत अपराध क्रमांक 2714/2025 दिनांक 21.10.2025 पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर सभी कानूनी औपचारिकताओं की पूर्ति के उपरांत 22.10.2025 को माननीय विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर (छ.ग.) में प्रस्तुत किया गया।


