15 अगस्त 2025 (79वां स्वतंत्रता दिवस) की संध्या पर रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के बैंड दल द्वारा सायं 17:30 बजे से 18:30 बजे तक भव्य बैंड डिस्प्ले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के बैंड मास्टर श्री टी.आर. यादव के नेतृत्व में अन्य बैंड सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक बिलासपुर रेलवे स्टेशन के वी.आई.पी. गेट नं.-2 के सामने आयोजित हुआ।
बैंड डिस्प्ले में विभिन्न देशभक्ति धुनों का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिनमें मुख्य रूप से “दिल दिया है जान भी देंगे”, “ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम”, “कदम-कदम बढ़ाए जा”, “ऐ मेरे वतन के लोगो”, “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की”, “ये देश है वीर जवानों का”, “सारे जहां से अच्छा” एवं “राष्ट्रगान” शामिल रहे। इन धुनों के माध्यम से पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित हुआ।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, शासकीय कर्मचारियों, रेलकर्मियों, पुलिस बल सदस्यों एवं अन्य उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति, सामाजिक एकता एवं राष्ट्र गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना था। स्वतंत्रता दिवस की इस संध्या पर रेलवे सुरक्षा बल, रेल कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने बैंड डिस्प्ले का भरपूर आनंद लिया, जिससे पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।
यह आयोजन पूरे भारतवर्ष में सशस्त्र बलों एवं राज्य पुलिस बलों द्वारा विभिन्न स्थलों पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला का एक हिस्सा था, जिसने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी गौरवपूर्ण बना दिया।



