
दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारी अवसरों पर यात्रियों की बढ़ी हुई भीड़ के बीच भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अभूतपूर्व मुस्तैदी देखने को मिली। आरपीएफ के अधिकारी और जवान पूरे समर्पण के साथ स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करते नजर आए।
शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैदी से तैनात रहे। हालांकि टिकट चेकिंग स्टाफ हमेशा की तरह नदारद नजर आए।
आरपीएफ द्वारा भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन परिसर में नवीन एवं आधुनिक तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया गया। यात्री जागरूकता के लिए लाउडहैलर, वॉकी-टॉकी, ट्रैफिक लाइट एवं रस्सी के माध्यम से भीड़ नियंत्रण किया गया। सीसीटीवी से स्टेशन की निगरानी रखी गई। भीड़ की अधिकता को देखते हुए स्टेशन पर विशेष “होल्डिंग एरिया” का निर्माण किया गया है, जहां प्रत्येक पाली में आरपीएफ के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई।
त्योहारों के दौरान आरपीएफ जवानों ने अपने अवकाश को त्यागते हुए 24 घंटे ड्यूटी पर रहकर यात्रियों की सेवा में तत्परता दिखाई। कई जवानों को दिव्यांग यात्रियों की सहायता करते हुए, व्हीलचेयर पर बिठाकर ट्रेन तक पहुंचाते देखा गया जो उनकी सेवा भावना और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
आरपीएफ की इस मुस्तैदी और अनुशासनपूर्ण कार्यप्रणाली की यात्रियों एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। त्योहारों की भीड़ में भी रेल सुरक्षा बल ने अपने कर्तव्यनिष्ठ आचरण से यह सिद्ध कर दिया कि “सुरक्षित यात्री ही सुरक्षित यात्रा का आधार हैं।”


